*जगदलपुर छत्तीसगढ़ में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई*
लाखों की शराब और वाहन जब्त

*जगदलपुर छत्तीसगढ़ में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई*
*लाखों की शराब और वाहन जब्त
*
*क्राइम रिपोर्टर संगीता सिंह राजनांदगांव*
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों में निर्मित शराब की तस्करी के दो मामले सामने आए हैं। आबकारी विभाग ने रायपुर और जगदलपुर में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए झारखंड और मध्यप्रदेश की शराब जब्त की है। जगदलपुर में 180 लीटर विदेशी शराब के साथ एक वाहन जब्त किया गया, जबकि रायपुर में मोटरसाइकिल से लाई जा रही झारखंड की देशी शराब पकड़ी गई। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बस्तर जिले में आबकारी विभाग की टीम ने जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सोनारपाल के पास जांच के दौरान मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित गोवा ब्रांड की विदेशी शराब की 20 पेटियां बरामद कीं। जब्त शराब की मात्रा 180 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है।
शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा एरिया वाहन को भी जब्त किया गया है। वाहन की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह शराब और वाहन सहित कुल 8 लाख 28 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया।
इस मामले में दुर्ग जिले के सुपेला, शास्त्री नगर निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र कुमार जांगड़े को आरोपी बनाया गया है। वहीं, जोगेन्दर कश्यप उर्फ जोगी फरार बताया जा रहा है। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम 1915 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, रायपुर में नरदहा-चंद्रखुरी मार्ग पर आबकारी विभाग ने दूसरी कार्रवाई की। यहां मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही झारखंड में निर्मित ‘रॉयल झारखंड’ ब्रांड की 30.3 लीटर देशी शराब जब्त की गई। इस मामले में झारखंड के बोकारो निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।जब्त शराब और मोटरसाइकिल की कुल कीमत 51,765 रुपये बताई गई है। विभाग मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रहा है।
रायपुर और जगदलपुर में हुई इन कार्रवाइयों से दूसरे राज्यों में बिक्री के लिए निर्धारित शराब की अवैध आवाजाही का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की ओर से दोनों मामलों में जब्त सामग्री और आरोपियों से संबंधित आगे की जांच की जा रही है।
