*इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर ब्लड कैंसर का बहाना, टेड़ेसरा की युवती ने छात्र से ठगे 3 लाख*
*क्राइम रिपोर्टर संगीता सिंह (राजनांदगांव,)
*बीमारी और पारिवारिक प्रताड़ना की कहानी सुनाकर किया इमोशनल ब्लैकमेल, पैसे मांगने पर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी*
सोशल मीडिया पर बढ़ते फ्रॉड का एक और मामला राजनांदगांव में सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद टेड़ेसरा निवासी एक युवती ने बीमारी का बहाना बनाकर नंदई के 21 वर्षीय छात्र से करीब 3 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर बसंतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान*
पुलिस के अनुसार नंदई निवासी ओम सोनकर ने शिकायत दर्ज कराई है कि अप्रैल 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान टेड़ेसरा निवासी दामिनी उर्फ कविता कोचेकर से हुई थी। दामिनी ने खुद को ब्लड कैंसर, माइग्रेन और अन्य बीमारियों से पीड़ित बताया। साथ ही पारिवारिक प्रताड़ना की कहानियां सुनाकर छात्र को इमोशनल कर दिया।
*अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए 3 लाख*
दामिनी ने अपनी बहन सोनल उर्फ बबीता कोचेकर और मोनू चिरोड़कर के साथ मिलकर अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। कभी दो हजार तो कभी आठ हजार रुपये के हिसाब से करीब तीन लाख रुपये ले लिए गए। इसके अलावा आरोपियों ने वीवो V50 मोबाइल की ईएमआई का भुगतान भी युवक से कराया।
*पैसे वापस मांगने पर दी जेल भेजने की धमकी*
पीड़ित ओम सोनकर के मुताबिक इसी माह उसे पूरे मामले में धोखाधड़ी का अहसास हुआ। जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने छेड़छाड़ और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
*BNS की धारा 318, 308, 351(2) में केस दर्ज*
मामले में बसंतपुर थाना पुलिस ने सोनल उर्फ बबीता कोचेकर और मोनू चिरोड़कर के खिलाफ लिखित शिकायत पर BNS की धारा 318, 308, 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।


