Uncategorized

सतवास में पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: 207 लीटर अवैध शराब जब्त, तस्करी का नेटवर्क बेनकाब

शलभ गौरानी

अवैध शराब के खिलाफ सख्ती बरतते हुए सतवास पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देते हुए 207 लीटर अवैध शराब की खेप जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जप्त की गई है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास  पुनित गहलोत के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कन्नौद सौम्या जैन एवं एसडीओपी कन्नौद  आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 मार्च 2026 को कांटाफोड़ रोड स्थित श्री बाबा महाकाल रेस्ट पॉइंट के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर कांटाफोड़ की ओर से आ रही स्लेटी रंग की मारुति ईको कार (क्रमांक MP09DB8324) को रोककर घेराबंदी की गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस ने वाहन से 19 पेटी देशी प्लेन शराब (950 क्वार्टर, कुल 171 लीटर) एवं 3 पेटी अंग्रेजी बीयर (72 केन, कुल 36 लीटर) बरामद की। कुल मिलाकर 207 लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 99,180 रुपए है, जब्त की गई। इसके साथ ही लगभग 5 लाख रुपए कीमत की कार भी पुलिस ने कब्जे में ली। कुल जप्त मशरूका की कीमत करीब 5,99,180 रुपए आंकी गई है।
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन शेख (23 वर्ष) निवासी ग्राम मोहाई जागीर थाना सतवास एवं शिवासिंह पिता दिलीप सिंह पटवा (27 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 08 सतवास के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सतवास में अपराध क्रमांक 121/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और किस नेटवर्क के तहत इसकी आपूर्ति की जा रही थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रांत झांझोट के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय जाट, सरदार मंडलोई, नरेन्द्र सिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक विष्णुप्रसाद मंडलोई सहित पुलिस बल के जवान—गणेश रावत, गंगाराम नरगावे, ईश्वर विश्नोई, संदीप सिंह मेवाड़ा, अनिल भाभर, जयदेव, शुभम एवं घनश्याम परमार—का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!