दूषित पेयजल की समस्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद के ज्ञापन पर विधायक राजीव सिंह पारीछा ने लिया संज्ञान, अपर जिलाधिकारी को लिखा पत्र

बरूआसागर ( झाँसी ) । नगर में गंदे, बदबूदार एवं दूषित पेयजल की समस्या को लेकर अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के मनोज शर्मा एवं विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह द्वारा बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा को सौंपे गए ज्ञापन पर विधायक ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया है।

ज्ञापन में बताया गया था कि पिछले लगभग एक माह से बरूआसागर में पेयजल आपूर्ति अनियमित बनी हुई है। जब कभी पानी की सप्लाई होती है तो नलों से गंदा, बदबूदार एवं कथित रूप से दूषित पानी निकलता है, जिससे नगरवासियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। साथ ही जल संस्थान एवं बिजली विभाग के अधिकारियों पर शिकायतों की अनदेखी करने तथा समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जल संस्थान द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिनकी मरम्मत सावन माह और कांवड़ यात्रा से पहले कराई जाना आवश्यक है।
विश्व हिंदू परिषद के ज्ञापन के बाद विधायक राजीव सिंह पारीछा ने 28 जुलाई को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) झांसी को पत्र भेजकर पूरे मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का अनुरोध किया। विधायक ने अपने पत्र में नगर में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने, जल संस्थान एवं विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा पाइपलाइन कार्य से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
विधायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने और समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे जनता में व्यापक असंतोष व्याप्त है। उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है।
अब नगरवासियों की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि पेयजल संकट, दूषित पानी की समस्या और क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जिससे बरूआसागर के नागरिकों को राहत मिल सके।

