बरहिया जुलूस निकालकर कृष्ण भगवान को कराया गया नगर भ्रमण


संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)
बलिया। कोटवां में श्री बुढ़वा महादेव नव युवक मंगल दल की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्माष्टमी के बारहवें दिन भव्य बरहिया जुलूस निकाला गया। मंगलवार की शाम बुढ़वा महादेव मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण को डोली में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।
मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण की झांकी जैसे ही नगर भ्रमण के लिए निकली, पूरा क्षेत्र जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। झांकी के आगे बढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई और यात्रा देखते ही देखते जुलूस में तब्दील हो गई। भक्तगण भक्ति गीतों पर नाचते-गाते हुए रानीगंज बाजार से होकर रानीगंज पुल पर स्थित फुलेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ।
समाजसेवी संतोष सिंह ने बताया कि यह परंपरा उनके जन्म से पहले से चली आ रही है और स्थानीय लोग आज भी इसका श्रद्धापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों, ग्रामवासियों, युवाओं और विशेष रूप से व्यापारी वर्ग का महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
छात्र नेता नितेश सिंह ने कहा कि यह यात्रा उड़ीसा की प्रसिद्ध जगन्नाथ रथ यात्रा की तर्ज पर पूर्वजों द्वारा शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ भगवान श्रीकृष्ण का ही एक स्वरूप माने जाते हैं। यात्रा श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दर्शन का अनूठा अवसर प्रदान करती है और धार्मिक मान्यता के अनुसार इसमें शामिल होने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
जुलूस में बुढ़वा महादेव नव युवक मंगल दल के मुख्य सदस्य संतोष सिंह, मंटू गोंड, डब्लू तिवारी, नितेश सिंह, राजेश सिंह, भोला सिंह, लाल सिंह, हरीश, शुभम, शिवम, सुजीत, रवि, सुनील और चुनमुन सहित क्षेत्र के सम्मानित लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा रोशन गुप्ता (प्रधान प्रतिनिधि), राम अवध सिंह, प्रमोद सिंह,पीयूष सिंह,विनय सिंह,अजय सिंह,अरविंद सिंह राणा समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुलूस में शामिल हुए।