सोनाडीह-दोथ व हाहानाला पुल मार्ग बदहाल: जलभराव और गड्ढों से आवागमन दूभर
जिला पंचायत सदस्य ने तहसील समाधान दिवस में उठाई मांग

बलिया। बेल्थरा रोड विधानसभा क्षेत्र के सोनाडीह से दोथ तथा टंगुनिया स्थित हाहानाला पुल तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली के आंसू बहा रही है। सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों और उनमें भरे बरसात के पानी के कारण राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य (वार्ड संख्या-24) व पूर्व फौजी दिनेश यादव ने तहसील बेल्थरारोड में आयोजित ‘समाधान दिवस’ के दौरान प्रभारी अधिकारी तहसीलदार अजीत सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपकर सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।

स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए आफत बनी सड़क
जिला पंचायत सदस्य दिनेश यादव ने दिए गए पत्र में अवगत कराया कि सोनाडीह-दोथ तथा टंगुनिया हाहानाला पुल तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बरसात का गंदा पानी जमा है। इस कारण स्कूल जाने वाले नौनिहालों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस व वाहनों का आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है आए दिन पैदल राहगीर व दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
दिनेश यादव ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क के गड्ढों से पानी की निकासी कराई जाए और तात्कालिक राहत के लिए गड्ढों में राविस, टुकड़ी व गिट्टी डलवाकर मरम्मत कराई जाए। उन्होंने समाधान दिवस के प्रभारी अधिकारी से अनुरोध किया कि संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित कर इस जनसमस्या का शीघ्र अति शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को आवागमन में राहत मिल सके, उनकी इस मांग पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए तहसीलदार अजीत सिंह ने तत्काल एडिओ पंचायत को बुलाकर जांच करने और उचित समाधान निकालने का आदेश दिया।


