जिलाधिकारी गौरांग राठी की अभिनव पहल,1380 विद्यालयों में उत्सव की तरह आयोजित हुई पीटीएम

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
पीटीएम में अभिभावकों ने होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड के माध्यम से जाना बच्चों का सर्वांगीण विकास
जनपद के समस्त परिषदीय एवं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का हुआ सफल आयोजन
अभिभावकों ने देखा अपने बच्चों का होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड, शिक्षकों से जाना सीखने का स्तर और विकास की दिशा
झांसी। जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी की अभिनव पहल पर जनपद में होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) व्यवस्था के अंतर्गत आज जनपद के 1380 परिषदीय प्राथमिक / उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में उत्सव के रूप में वृहद अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने पीएम श्री विद्यालय दिगारा विकासखंड बड़ागांव में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की अध्यक्षता करते हुए उपस्थित बच्चों और अभिभावकों से वन-टू-वन संवाद करते हुए बच्चे की मजबूती और सुधार के क्षेत्र पर चर्चा करते हुए बच्चों की स्कूल में नियमित उपस्थिति जैसे विषयों पर भी अभिभावकों से संवाद स्थापित किया। आयोजित पीटीएम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता कर अपने बच्चों के होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड का अवलोकन किया तथा शिक्षकों से उनकी शैक्षिक प्रगति, सीखने के स्तर एवं सर्वांगीण विकास की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।आयोजित पेरेंट्स टीचर मीटिंग में इस बार अभिभावकों को बच्चों का परम्परागत रिपोर्ट कार्ड नहीं, बल्कि होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड दिया गया। इसमें भाषा, गणित, विज्ञान जैसे विषयों में सीखने के स्तर के साथ-साथ शारीरिक स्वास्थ्य, खेलकूद में रुचि, अनुशासन, आत्मविश्वास, सहपाठियों के साथ व्यवहार, नैतिक मूल्यों एवं कला, संगीत, क्राफ्ट जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी का सम्पूर्ण ब्यौरा अंकित था।
पेरेंट्स टीचर मीटिंग में सीडीओ के समक्ष शिक्षक- अभिभावक का सीधा संवाद हुआ
जिसमें शिक्षकों ने प्रत्येक बच्चे की मजबूती और सुधार के क्षेत्रों पर अभिभावकों से वन-टू-वन संवाद किया। घर पर पढ़ाई में कैसे सहयोग करें, मोबाइल से दूरी और नियमित उपस्थिति जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। इस विषय पर अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए। जनपद में आयोजित पीटीएम में समस्त 1380 विद्यालयों में उत्साहपूर्ण माहौल रहा,विद्यालयों में सुबह से ही अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखी गई। कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में बालिकाओं के अभिभावकों ने विशेष रुचि दिखाई। कई विद्यालयों में बच्चों द्वारा बनाए गए चार्ट, मॉडल एवं कला कृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

आयोजित पैरेंट्स टीचर मीटिंग में मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने कहा कि होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड का उद्देश्य केवल मूल्यांकन नहीं, बल्कि बच्चे को सही दिशा देना है। जब विद्यालय और अभिभावक मिलकर बच्चे के विकास पर काम करेंगे, तभी हर बच्चा आत्मविश्वासी, संस्कारी और सफल नागरिक बन सकेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों एवं अभिभावकों के सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। रानी लक्ष्मीबाई प्राथमिक विद्यालय नगर क्षेत्र में प्रतिभाग करते हुए उपस्थित अभिभावकों जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र गौड़ ने बताया कि इस PTM से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आगे बच्चों के लिए व्यक्तिगत सुधार योजना तैयार की जाएगी तथा अगले चरण में होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विकास खण्डों में बैठक का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित बच्चों और अभिभावकों से कहा कि बच्चे उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कक्षा छह के मोहित, रायकवार को सबसे अधिक उपस्थिति पर अवॉर्ड दिया गया।कक्षा 6 के देव कुशवाहा और कक्षा 5 की संध्या को निपुण टेस्ट में हमेशा निपुण रहने पर पुरस्कृत किया। इसके अतिरिक्त बच्चों को उनके अभिभावक के साथ होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड का वितरण किया। इस अवसर पर एबीएसए श्री उपेन्द्र प्रताप सिंह, सुश्री आयुषी, हेडमास्टर श्रीमती राजेश्वरी, श्रीमती मधु पासी, सोनम तिवारी, राजीव यादव, संजय उपाध्याय सहित अभिभावकों में ब्रजेश अहिरवार, काजल, सुनीता, शशि, राखी, लक्ष्मी,भारती, पूनम आदि उपस्थित रहे।




