चैत्र प्रतिपदा पर दुल्हन सा सजा पिण्डवाडा, नववर्ष स्वागत में उमड़ा उत्साह
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया पिण्डवाडा, प्रशासनिक तैयारियों के बीच नववर्ष पर उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्ट:- सुरेश चौहान(9571081159)
पिण्डवाडा(सिरोही)। चैत्र प्रतिपदा के पावन अवसर पर पिण्डवाडा नगर उत्साह और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। नववर्ष के स्वागत को लेकर जहां आमजन में खासा उत्साह देखा गया, वहीं प्रशासन की ओर से भी व्यापक तैयारियां की गईं।

उपखंड अधिकारी नरेंद्र जांगिड़, तहसीलदार शंकरलाल परिहार और पालिका अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य के निर्देशन में नगर के प्रमुख सरकारी भवनों और मुख्य चौराहों को आकर्षक लाइट डेकोरेशन से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाता पिण्डवाडा किसी दुल्हन की तरह सुसज्जित दिखाई दिया।

शाम होते ही नगरवासी परिवार सहित सड़कों पर निकल पड़े और सजावट का आनंद लिया। बाजारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी त्योहार के चलते विशेष रौनक देखने को मिली।

पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
नगरवासियों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सजावट न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करती है।



