रायपुर के होटल में बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, कमरे में बेड पर मिला शव; पुलिस जांच में जुटी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित फाफाडीह के Ranjit Hotel में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। होटल के कमरे में बुजुर्ग का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक बिहार के पटना से रायपुर आया था और होटल में ठहरा हुआ था। देर रात होटल स्टाफ को कमरे से कोई हलचल नहीं दिखाई दी। जब कर्मचारियों ने कमरे की जांच की, तो बुजुर्ग व्यक्ति बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और 112 की मदद से बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हार्ट अटैक की आशंका जता रही है, लेकिन मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मौत से कुछ समय पहले बुजुर्ग ने होटल रिसेप्शन पर फोन कर पानी मंगवाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल स्टाफ ने दरवाजा खोलकर देखा, जहां वह बेहोश मिला।
पुलिस होटल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और होटल स्टाफ से पूछताछ भी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय कमरे में किसी की आवाजाही हुई थी या नहीं। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।
