जावाल में ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों का ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)

जावाल (सिरोही), 17 मार्च 2026। क्षेत्र की विभिन्न ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गोल, उड़, कृष्णगंज, रामपुरा, जावाल, पाडीव, भूतगांव एवं भील बड़ा वास की समितियों के व्यवस्थापक और सहायक व्यवस्थापक एकजुट होकर उपस्थित रहे।

ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने सरकार का ध्यान लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि कैडर स्ट्रेंथ तय करने, नियुक्ति प्रक्रिया को सरल बनाने, ऋण पर्यवेक्षकों के पदों पर शत-प्रतिशत भर्ती करने तथा कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसी प्रमुख मांगें अभी तक पूरी नहीं हो सकी हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि इन मांगों के निराकरण में लगातार हो रही देरी के कारण समितियों का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे सहकारी तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से सहकारी क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए इन मुद्दों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




