सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्कॉर्पियो से 2 क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त बरामद, आरोपी फरार
नाकाबंदी के दौरान झाड़ोली तिराहे पर पकड़ी गई स्कॉर्पियो से करोड़ों की अवैध डोडा पोस्त बरामद, आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
सिरोही।जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरोही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 37.65 लाख रुपये बताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह और पिण्डवाड़ा वृत के उप अधीक्षक भंवरलाल चौधरी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना पिण्डवाड़ा के थाना प्रभारी उप निरीक्षक हुकमसिंह और उप निरीक्षक कमलसिंह ने डीएसटी टीम के साथ संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
दिनांक 21 अप्रैल 2025 की शाम को झाड़ोली तिराहे पर पुलिस द्वारा लगातार नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो (नंबर MH-01-DP-4738) को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 2 क्विंटल 51 किलो 190 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
हालांकि, वाहन में सवार आरोपी अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हुकमसिंह, उप निरीक्षक कमलसिंह सहित डीएसटी टीम और पुलिस थाना पिण्डवाड़ा के जवान—सोहनलाल, प्रकाश कुमार, सुनील कुमार, भावेश कुमार और ईश्वरलाल की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।


