*क्राइम रिपोर्टर – संगीता सिंह, राजनांदगांव*
*राजनांदगांव*
*छात्रावास से सिल्वर फ्रेम चोरी का एक आरोपी धरा गया, फरार साथी की तलाश जारी*
*राजनांदगांव।* निर्माणाधीन आईटीआई छात्रावास से खिड़कियों के सिल्वर फ्रेम चोरी करने वाले एक आरोपी को लालबाग पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
*कैसे हुआ खुलासा?*
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंडी में गार्ड के पद पर कार्यरत प्रार्थी राकेश कुमार कंवर पिता केशवराम कंवर उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जंतर थाना डोंगरगढ़ ने 9 मई को थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि निर्माणाधीन छात्रावास भवन की लगभग 10 स्लाइडर खिड़कियों के सिल्वर फ्रेम अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपये है।
9 मई की रात करीब 10 बजे छात्रावास परिसर में गश्त के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को खिड़की चोरी करते हुए देखा। पुलिस को देखते ही एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
*गिरफ्तार आरोपी*
पकड़े गए आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ होम बहादुर यादव, उम्र लगभग 18 वर्ष, निवासी राजीव नगर वार्ड नं. 33, बसंतपुर राजनांदगांव के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक बोरी में रखे एल्युमिनियम सेक्शन और खिड़की के कांच बरामद किए गए हैं, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।
*पूछताछ में बड़ा खुलासा*
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 2 मई को भी आईटीआई बालिका छात्रावास परिसर पेंडी से स्लाइडर खिड़कियां चोरी की थीं। चोरी किए गए एल्युमिनियम सामान को बेचकर मिली रकम दोनों आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ई), 3(5), 331(4) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। फरार दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लालबाग पुलिस ने कहा कि छात्रावास परिसर और निर्माणाधीन भवनों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।


