
सूरजपुर, 23 जून 2026। विकासखंड रामानुजनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत पंचवटी में मंगलवार को ग्राम सभा के दौरान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बाल विवाह की रोकथाम, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में वित्तीय साक्षरता एवं समन्वयक विशेषज्ञ सुश्री फरजाना ने बाल विवाह से होने वाले सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को बाल विवाह न करने की समझाइश दी। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, कम उम्र की बालिकाओं के प्रति होने वाले लैंगिक अपराधों तथा ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1098, 181 एवं 112 पर तत्काल संपर्क करने की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा अधिनियम एवं सखी वन स्टॉप सेंटर के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण केंद्र की जेंडर विशेषज्ञ सुश्री सलोनी कुजूर ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत भ्रूण हत्या की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला उत्पीड़न, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा महतारी वंदन ई-केवाईसी से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी ग्रामीणों को दी तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित ब्रोशर वितरित कर जागरूकता अभियान चलाया।
शिविर में ग्रामीणों को नशा मुक्ति के प्रति भी जागरूक किया गया तथा बालिकाओं की शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान सरपंच श्री लालमन सिंह, सचिव श्री सुखनंदन सिंह एवं जिला पंचायत ऑडिटर श्री प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें सामाजिक बुराइयों एवं अपराधों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने जागरूकता शिविर को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
_______________________________________________




