Welcome to Bharat Samvad TV   Click to listen highlighted text! Welcome to Bharat Samvad TV
लोकल न्यूज़

सड़क से समृद्धि की ओर बढ़ेगा बैरिया, 10.96 करोड़ की परियोजना का डॉ. विपुलेंद्र ने किया शिलान्यास

बैरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)


बैरिया (बलिया), 23 जून। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। युवा नेता एवं पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के पुत्र डॉ. विपुलेंद्र प्रताप सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ दुर्जनपुर से करमानपुर होते हुए गंगा पाण्डेय के टोला तक लगभग 5.60 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 10 करोड़ 96 लाख 39 हजार रुपये की लागत व्यय की जाएगी। सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी तथा ग्रामीण क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
शिलान्यास के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. विपुलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी भी देश और समाज के विकास में सड़कें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा, “अमेरिका की सड़कें अच्छी हैं इसलिए वह धनी देश नहीं है, बल्कि अमेरिका धनी इसलिए है क्योंकि वहां की सड़कें अच्छी हैं। सड़कें विकास, व्यापार और समृद्धि की आधारशिला होती हैं।”
उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। यदि जनता का स्नेह और आशीर्वाद मिला तो बैरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव संघर्ष और प्रयास करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसके चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क से लोगों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विपुलेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित विशिष्ट अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान कमलेश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन अरुण यादव ने किया।
इस अवसर पर योगेंद्र वर्मा (पूर्व जिला पंचायत सदस्य), राजीव यादव (जिला पंचायत सदस्य), ब्रजेश सिंह (अधिवक्ता), राकेश प्रसाद, शक्ति नाथ सिंह (पूर्व प्रधान), रामजी सिंह सोनू, अवनीश कमांडो, अश्वनी ओझा, दिग्विजय सिंह, विजय सिंह, नितेश सिंह (छात्र नेता), दुर्गविजय सिंह ‘झल्लन’, रवि सिंह (प्रधान प्रतिनिधि), अनिल पाण्डेय (जिला पंचायत प्रत्याशी), ददन प्रसाद (सदस्य जिला पंचायत), अखिलेश यादव, सचिन सिंह फौजी, अशोक सिंह कैप्टन, कन्हैया सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह, ओमप्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं हजारों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क परियोजना के लिए खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!