लोकल न्यूज़

रानीगंज बाजार में युवाओं व छात्र नेताओं के साथ निर्भय नारायण सिंह की बैठक, क्षेत्रीय समस्याओं पर हुई चर्चा

संवाददाता – सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)


बैरिया (बलिया)। बैरिया विधानसभा क्षेत्र में समाजसेवा के लिए सक्रिय आईआरटीएस अधिकारी एवं समाजसेवी निर्भय नारायण सिंह ने रविवार को रानीगंज बाजार में युवाओं, छात्र नेताओं, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बाढ़ एवं कटान की समस्या, अनियमित विद्युत आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। युवाओं और छात्र नेताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके दीर्घकालिक समाधान की मांग की।
रानीगंज बाजार के युवा व्यापारियों ने मुख्य सड़क के किनारे सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। इस पर निर्भय नारायण सिंह ने शीघ्र ही आवश्यक पहल कर सोलर लाइट लगवाने का आश्वासन दिया।
बैठक को संबोधित करते हुए निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश लोग केवल तात्कालिक राहत और अस्थायी समाधान पर ध्यान देते हैं, जबकि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्थायी एवं दूरगामी योजनाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बैरिया क्षेत्र वर्षों से बाढ़, कटान और बिजली जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिनके समाधान के लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया। वहीं उपस्थित छात्र नेताओं, व्यापारियों और युवाओं ने क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में रानीगंज बाजार निवासी अधिवक्ता अभिमन्यु प्रसाद ने बाजार में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता पर विशेष रूप से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने पर पूरा बाजार अंधेरे में डूब जाता है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बाजार में स्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से नितेश सिंह (छात्र नेता), श्रीनिवास सिंह ‘गोलू’, संतोष सिंह, मनीष गोस्वामी, चंदन सिंह, ऋषभ सोनी, राहुल गुप्ता, शिवजी सिंह (अध्यापक), रोहित गुप्ता, मुकुल सिंह, रंजन गुप्ता (पूर्व महामंत्री), राजीव गुप्ता ‘भोलू’, भानु मिश्रा, सूर्य प्रकाश शर्मा, प्रकाश, सर्वेश्वर वर्मा ‘मुन्नू’, चंदन गुप्ता, सोनू गुप्ता, सतेंद्र सोनी एवं भोलू शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा, छात्र नेता, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!