लोकल न्यूज़

शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर बीएसए से मिला प्रतिनिधिमंडल

मानदेय भुगतान और स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द शुरू करने का आश्वासन

 

 

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)

उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ, बलिया के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से मिला और शिक्षामित्रों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य रूप से लंबित मानदेय भुगतान एवं स्थानांतरण प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि जिले के अनेक शिक्षामित्रों को समय से मानदेय प्राप्त नहीं हो रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र लंबे समय से स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू होने की भी प्रतीक्षा कर रहे हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मानदेय भुगतान से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा तथा अन्य लंबित समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए ने मुख्यमंत्री कैशलेस इलाज योजना के तहत जारी स्वास्थ्य कार्ड के लिए सभी शिक्षामित्रों से ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते पंजीकरण पूरा कर लेने से आवश्यकता पड़ने पर शिक्षामित्रों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानांतरण संबंधी प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की तैयारी विभाग स्तर पर की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए के सकारात्मक रुख पर संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शिक्षामित्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।
इस अवसर पर प्रांतीय संयुक्त मंत्री अखिलेश पांडेय, महामंत्री अमृत सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश पांडेय, निर्भय नारायण राय, श्यामनंदन मिश्रा, हरेराम यादव, डिम्पल सिंह, रिंकू सिंह, लालजी वर्मा, मंजूर हुसैन, भीरगुनाथ शर्मा, राजीव कुमार, मनोज यादव, मुकेश राय, जगनारायण पाठक, सतेंद्र मौर्य, सुधीर शुक्ला एवं अनिल मिश्रा सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!