लोकल न्यूज़

जनआशीर्वाद यात्रा में पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां, शिक्षा और विकास को बताया प्राथमिकता

संवाददाता : सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)

बैरिया (बलिया)। जनआशीर्वाद यात्रा के तहत बैरिया विधानसभा के पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने विशुनपुरा एवं अधिसिझुआ गांव में जनसंपर्क कर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाया तथा ग्रामीणों से स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में बैरिया विधानसभा में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए। उन्होंने बताया कि पांच वर्षों के कार्यकाल में एक वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण प्रभावित रहा, इसके बावजूद शेष चार वर्षों में 736 बेटियों का विवाह कराया गया, जिसमें हिंदू एवं मुस्लिम दोनों समुदायों की बेटियां शामिल थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब, शोषित और जरूरतमंद लोगों की सेवा की तथा तहसील से लेकर थाने तक लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय उपलब्ध रहे।
पूर्व विधायक ने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र के युवाओं की उच्च शिक्षा को ध्यान में रखते हुए पॉलिटेक्निक एवं बी.एससी. की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन न करना पड़े। उन्होंने कहा, “आज हमारे क्षेत्र के बच्चे घर से नाश्ता करके पढ़ाई के लिए जाते हैं और वापस घर लौटकर अपने परिवार के साथ भोजन करते हैं। मेरा प्रयास हमेशा रहा कि बैरिया के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा और अवसर मिलें।”
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!