गोपाल नगर में बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटे गए पांच हजार राहत पैकेट
नीरज शेखर के सौजन्य से पहुंची राहत सामग्री, अरविंद सिंह सेंगर के नेतृत्व में हुआ वितरण





संवाददाता—सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)
गोपाल नगर। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे गोपाल नगर के प्रभावित परिवारों को मंगलवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के सौजन्य से गोपाल नगर पंचायत भवन परिसर में करीब पांच हजार राहत पैकेटों का वितरण किया गया। राहत वितरण अभियान का नेतृत्व बैरिया विधानसभा प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अरविंद सिंह सेंगर ने किया।
राहत पैकेट में ब्रेड, बिस्किट, केक, सॉस समेत अन्य खाद्य सामग्री शामिल थी। राहत सामग्री लेने के लिए पंचायत भवन परिसर में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी। राहत पैकेट मिलने के बाद बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई बच्चों ने मौके पर ही पैकेट खोलकर खाद्य सामग्री का सेवन किया।
वितरण के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से पंचायत भवन परिसर में काफी भीड़ रही। आयोजकों ने प्रयास किया कि कोई जरूरतमंद राहत सामग्री से वंचित न रह जाए। भीड़ के कारण वितरण से छूटे लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए शेष पैकेट पूर्व प्रधान प्रदीप यादव के यहां रखवाए गए, जहां से जरूरतमंद परिवारों के बीच उनका वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नेता अरविंद सिंह सेंगर, अमित गिरी, मंडल अध्यक्ष भोली साहनी, राज नारायण सिंह पूर्व प्रधान बहुआरा, पदुम गुप्ता, आदर्श गुप्ता, मनीष मौर्य बंशी, अरुण सिंह पूर्व प्रधान चकिया, अजीत सिंह, शुभम सिंह पूर्व प्रधान टेंगरही, विनोद सिंह पूर्व प्रधान कोटवां, प्रदीप यादव पूर्व प्रधान गोपाल नगर, ओम प्रकाश सिंह, मुकेश सिंह, सुनील यादव, पिन्टू गोंड़ एवं मिथिलेश सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
बाढ़ के संकट के बीच राहत सामग्री मिलने से प्रभावित परिवारों को तत्काल खाद्य सहायता मिली। ग्रामीणों ने सांसद नीरज शेखर की ओर से की गई इस पहल को बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए उपयोगी एवं सराहनीय बताया।