बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर एक्शन मोड में विभाग: झांसी CE का गुरसरांय व गरौठा उपकेंद्रों का दौरा, अधिकारियों की लगाई क्लास

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय (झांसी)। 18 अक्टूबर रविवार को मुख्य अभियंता (विद्युत) झांसी जोन ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा उपखंड गुरसरांय का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने सबसे पहले उपकेंद्र गुरसरांय के स्विच यार्ड का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान विद्युत उपकरणों में मिली कमियों पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधीनस्थों को शीघ्र निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र भ्रमण पर निकले गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत भी मौके पर पहुँचे। मुख्य अभियंता और विधायक के बीच क्षेत्र की विद्युत समस्याओं तथा उनके त्वरित निस्तारण को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। इसके पश्चात मुख्य अभियंता और विधायक जवाहर लाल राजपूत ने गरौठा उपकेंद्र का भी रुख किया। जहाँ उन्होंने क्षेत्रीय किसानों की बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को सुना और उनके समयबद्ध समाधान पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों व उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अपने विद्युत बिलों का भुगतान समय पर करें ताकि बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता मऊरानीपुर बृजभान सिंह,उपखंड अधिकारी गुरसरांय संजय कुमार,अवर अभियंता गुरसरांय संजीव कुमार तथा अवर अभियंता गरौठा सुभाष कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।




