पिंण्डवाड़ा को रेलवे जंक्शन बनाने की मांग तेज,रेल मंत्री वैष्णव से संघर्ष समिति ने की अहम मुलाकात
यात्री भार की निष्पक्ष जांच और ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने पर जोर
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
पिंण्डवाड़ा। क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल समस्याओं को लेकर जन संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल सांसद लुंबाराम चौधरी के नेतृत्व में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला। इस दौरान पिंण्डवाड़ा रेलवे स्टेशन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने पिंण्डवाड़ा को रेलवे जंक्शन का दर्जा देने की मांग के साथ-साथ स्टेशन पर यात्री भार के आंकड़ों की निष्पक्ष जांच कराने की बात रखी। इसके अलावा लंबित रेल सर्वे को पुनः शुरू करने, अंडरब्रिज निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने और ट्रेनों के ठहराव में बढ़ोतरी की मांग भी की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने नई लोकल एवं लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन,अहमदाबाद–आबूरोड डीएमयू ट्रेन को फालना तक विस्तार देने तथा व्यस्त रूटों पर अतिरिक्त कोच जोड़ने का मुद्दा भी उठाया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जन संघर्ष समिति ने उम्मीद जताई है कि पिंण्डवाड़ा क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों पर अब सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।



