राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो का घंसौर आगमन, अधिकारियों के साथ की बैठक
घंसौर। माँ नर्मदा के संरक्षण, संवर्धन एवं स्वच्छता अभियान के उद्देश्य से नर्मदा यात्रा पर निकले प्रियंक कानूनगो मंगलवार को घंसौर पहुंचे। इस दौरान उनका स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
घंसौर प्रवास के दौरान श्री कानूनगो ने जनपद पंचायत सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर नर्मदा संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था एवं जीवन का आधार हैं। इसके संरक्षण और स्वच्छता के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में नर्मदा तटों की स्वच्छता, जल संरक्षण के उपाय, पर्यावरण संवर्धन तथा आमजन को नर्मदा सेवा के लिए प्रेरित करने संबंधी विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित अधिकारियों को नर्मदा संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला मंत्री एवं वरिष्ठ नेता प्रमोद पटेल ने श्री प्रियंक कानूनगो का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा उनकी नर्मदा संरक्षण यात्रा की सराहना करते हुए इसे जनजागरण का महत्वपूर्ण अभियान बताया।
वक्ताओं ने कहा कि श्री कानूनगो की यह नर्मदा यात्रा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा आमजन को माँ नर्मदा की सेवा और संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी।
बैठक में जनपद एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

