नगर परिषद कांटाफोड़ द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत भव्य भूमि पूजन एवं गृह प्रवेश कार्यक्रम सम्पन्न
कांटाफोड़ – शासन के निर्देशानुसार एवं माननीय केंद्रीय मंत्री, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में आज नगर परिषद कांटाफोड़ द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया
कार्यक्रम के दौरान योजना के अंतर्गत स्वीकृत 25 हितग्राहियों के आवासों का विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न कराया गया, वहीं 2 हितग्राहियों को नवीन पक्के आवास में गृह प्रवेश भी कराया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों में विशेष उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला। हितग्राहियों ने केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
भूमि पूजन के दौरान सभी हितग्राही प्रसन्न नजर आए तथा सबका सपना पक्का घर अपना की भावना पूरे कार्यक्रम में स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर नगर परिषद कांटाफोड़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुकेश चौबे ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक, सुरक्षित एवं स्थायी जीवन प्रदान करना है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। भले ही वे कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं थे, लेकिन उनकी प्रशासनिक निगरानी एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभारी राजेश बथोले, वार्ड प्रभारी चेतन घावरी, दीपक घावरी, आनंद अमोदिया , दीपक तंवर,शुभम श्रीवास्तव, लकेश दावरेकर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने हितग्राहियों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं तथा समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के माध्यम से नगर परिषद द्वारा क्षेत्र में आवासीय विकास को गति देने तथा जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।



