दिनदहाड़े सूने मकान में धावा: ताला व अलमारी तोड़कर ₹47,350 की नकदी पार, गांव में दहशत
🚨 "दिनदहाड़े चोरों का आतंक! घर के चार ताले तोड़कर ₹47,350 लेकर फरार, गांव में मचा हड़कंप"
भैयाथान। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजा में 04 अगस्त दिन मंगलवार को दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है। अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे, अंदर के दरवाजे, अलमारी और लॉकर का ताला तोड़कर ₹47,350 की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पास में रखा मंगलसूत्र सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बंजा निवासी उमेश रवि अपने परिवार के साथ मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे धान की रोपाई के लिए खेत गए थे। घर पूरी तरह सूना था। दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा तो सबसे पहले उनकी बेटी ने घर का मुख्य ताला टूटा देखा। इसके बाद जब सभी अंदर पहुंचे तो दूसरे दरवाजे का ताला भी टूटा मिला। घर के भीतर अलमारी और उसके अंदर बने लॉकर को भी तोड़ दिया गया था।
जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखे ₹47,000 नकद और ₹350 के सिक्के, कुल ₹47,350, चोरी हो चुके थे। वहीं एक छोटे पर्स में रखा मंगलसूत्र चोरों ने नहीं लिया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों का मुख्य निशाना नकदी थी।
घटना की सूचना मिलते ही उमेश रवि ने बसदई चौकी पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। सूचना पर चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल के निर्देशानुसार पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जल्द आरोपियों का पता लगाकर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
है
परिजनों का कहना है कि उन्हें फिलहाल किसी भी व्यक्ति पर संदेह नहीं है। उमेश रवि का घर ग्राम बंजा स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।





