
लोहारदा – मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांटाफोड़ के तत्वावधान में नगर कांग्रेस लोहारदा ने बढ़ती महंगाई एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सारडा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल चौराहे से आक्रोश रैली निकाली, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए नगर परिषद चौराहे पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती शक्कर की कीमतों के विरोध में आमजन को शक्कर वितरित कर अनोखे अंदाज में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। वहीं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में गैस सिलेंडर लेकर रैली निकाली गई। पेट्रोल-डीजल में इथेनॉल की मिलावट के मुद्दे को लेकर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष अंकुश सारडा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, खाद्य सामग्री और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आमजन के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर महंगाई के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सरकार से आमजन को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
रैली के दौरान नितिन जोनवाल, अमित श्रोत्रिय, देवेंद्र पटेल, अभिषेक जोशी, लखन पटेल, शब्बीर पटेल, जंगू भाई, द्वारका सारडा, श्याम मानधन्या, शाहरुख नेता, जावेद खां, भगवान पटेल दानी, अरुण पटेल, रामेश्वर जारवाल, रामदेव सोलंकी एवं जीवन इवने सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगर परिषद चौराहे पर पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार से आम जनता, किसान एवं मध्यम वर्ग को राहत देने की मांग की।



