कांग्रेस ने बढ़ाई एड० फहद बिन शराफत की ज़िम्मेदारियां
पार्टी के विधि एवं मानवाधिकार प्रकोष्ठ का बनाया गया प्रदेश महासचिव

बलिया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए पार्टी के विधि एवं मानव अधिकार प्रकोष्ठ में कुछ महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी चुनौतियों को देखते हुए कानूनी मोर्चे और मानवाधिकारों की लड़ाई को मजबूती देने के लिए अपनी टीम का विस्तार किया है। इसी क्रम में एडवोकेट फहद बिन शराफत को ‘विधि एवं मानव अधिकार प्रकोष्ठ’ का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है,इसके साथ ही पार्टी ने विधि प्रकोष्ठ में कुल 21 लोगों को शामिल किया है जिन्हें विभिन्न स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
यह नियुक्तियां प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आसिफ ज़मां रिजवी की संस्तुति पर की गई है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने फहद बिन शराफत समेत सभी पदाधिकारियों के नामों पर अपनी आधिकारिक स्वीकृति देते हुए उम्मीद जताई है कि उनकी सक्रियता से संगठन को कानूनी विषयों और जनहित के मुद्दों पर नई ऊर्जा मिलेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, एड० फहद बिन शराफत लंबे समय से पार्टी के साथ सक्रिय रहे हैं और इससे पहले वह सोशल आउटरीच के बलिया जिलाध्यक्ष रहे हैं। उनकी इस नियुक्ति को कांग्रेस की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पार्टी युवाओं और कानून के जानकारों को आगे लाकर सरकार की नीतियों के खिलाफ संवैधानिक और कानूनी स्तर पर मुखर होना चाहती है।
“प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आसिफ ज़मां रिजवी ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरूँगा। समाज के दबे-कुचले वर्गों के मानवाधिकारों की रक्षा और न्याय की लड़ाई को कांग्रेस के झंडे तले मजबूती से लड़ा जाएगा।. – “फहद बिन शराफत (नवनियुक्त प्रदेश महासचिव)
फहद बिन शराफत की नियुक्ति की खबर मिलते ही समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय से लेकर बेल्थरारोड स्थित पार्टी कार्यालय तक सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि इससे न केवल विधि प्रकोष्ठ मजबूत होगा, बल्कि आम जनता की कानूनी समस्याओं को उठाने में भी मदद मिलेगी।



