
क्राइम रिपोर्टर_संगीता सिंह राजनांदगांव*
करंट से पति की मौत, दूसरे दिन पत्नी ने फांसी लगाकर दी जान, दिनों में उठा एक ही घर से दो अर्थियां |
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पहले पति की करंट लगने से मौत हो गई और अगले ही दिन पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार पूरी तरह टूट गया है।
मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर का है। जानकारी के अनुसार रामनारायण केंवट की शादी करीब चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। 17 मई को रामनारायण घर में मोटर पंप चालू करते समय करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पति की अचानक मौत के बाद पत्नी सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के अनुसार वह लगातार गुमसुम रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं कर रही थी। परिवार और रिश्तेदार उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह अपने पति की मौत का दुख सहन नहीं कर सकी।
मंगलवार देर रात जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी सुनीता ने अपने कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। देर रात जब परिजनों की नजर पड़ी तो उसे नीचे उतारने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अगले दिन सुबह पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की गई। पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो पूरा माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
दो दिनों के भीतर एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थियां उठने से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।