26 वर्षों की सेवा का सम्मान मिले, विभागीय टीईटी में शिक्षा मित्रों को भी मिले अवसर : पंकज सिंह
कैशलेस इलाज योजना के लिए पंजीकरण अभियान तेज, 62 वर्ष तक सेवा सुरक्षा और 12 माह मानदेय की मांग दोहराई

संवाददाता-सत्येन्द्र गुप्ता(रानीगंज बाजार)
बलिया। उत्तर प्रदेश शिक्षा मित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा है कि शिक्षा मित्रों के लिए कैशलेस इलाज योजना का लाभ सुनिश्चित करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शिक्षा मित्रों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी।
पंकज सिंह ने बताया कि संगठन लंबे समय से शिक्षा मित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक प्रयासों की नीति पर कार्य कर रहा है। “संवाद से समाधान” की मुहिम के सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं और शिक्षा मित्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित हुआ है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में उठाया गया यह कदम स्वागतयोग्य है, लेकिन शिक्षा मित्रों की अन्य महत्वपूर्ण मांगें अभी भी लंबित हैं। संगठन की ओर से 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा तथा पूरे 12 माह मानदेय भुगतान की मांग लगातार उठाई जा रही है और यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्र वर्षों से शिक्षा व्यवस्था की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाना आवश्यक है।
जिलाध्यक्ष ने सभी शिक्षा मित्रों से संगठन से जुड़कर उसकी ताकत बढ़ाने की अपील की, ताकि उनकी आवाज सरकार तक और प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही शिक्षा मित्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
पंकज सिंह ने सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग करते हुए कहा कि यदि शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी (TET) आयोजित किया जाता है तो उसमें शिक्षा मित्रों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मित्रों ने अपने जीवन के 26 स्वर्णिम वर्ष बेसिक शिक्षा की नींव को मजबूत करने में समर्पित किए हैं। ऐसे में उन्हें भी अपनी योग्यता सिद्ध करने और शिक्षक पद पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार शिक्षा मित्रों के योगदान और उनकी मांगों की गंभीरता को समझते हुए शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेगी। साथ ही उन्होंने शिक्षा मित्रों से कैशलेस इलाज योजना के लिए समय से पंजीकरण कराने तथा संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

