‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत बरुआसागर में निकली ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली, नवीन नामांकन पर दिया गया जोर


बरूआसागर। विकास खंड बड़ागांव के अंतर्गत स्कूल चलो अभियान के तहत सोमवार को बरुआसागर में ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विनीता कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अमर सिंह कुशवाहा एवं खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विनीता कुशवाहा ने अधिक से अधिक नवीन नामांकन कराने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा शिक्षा से जुड़े, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अमर सिंह कुशवाहा ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।
खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं का आधार डीबीटी (Direct Benefit Transfer) से जुड़ना आवश्यक है, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
डीसी बरुआसागर से निकली रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में ‘स्कूल चलो अभियान’ के बैनर एवं जागरूकता तख्तियां लेकर नगर भ्रमण किया। बच्चों ने लोगों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए अभिभावकों को बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। इस दौरान सुनील पांडे, मनोज तिवारी, दीपक बिरथरे, राजीव सोनी, धीरेंद्र पाल सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, अंबरीष त्रिपाठी, रीता द्विवेदी, प्रकांशी द्विवेदी, ईरा, संगीता सविता, बृजभूषण, अरविंद वर्मा, शोभा मिश्रा, नीतू विश्वकर्मा, प्रीति वर्मा, निधि सक्सेना, एआरपी दिलीप शर्मा, देवेंद्र सिंह, संगीता खरे सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



