हरा-भरा नीम का पेड़ काटकर-एक पौधा लगाकर 25 लोग खिंचवा रहे हैं फोटो
कार्यवाही नाम पर सिर्फ रस्मअदायगी ?
कालापीपल नगर कालापीपल में जैन मंदिर के सामने बरसों पुराने नीम के पेड़ को काटे जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, मौके पर पेड़ का ठूंठ दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराज़गी है,नागरिकों का आरोप है कि रात के समय हरे-भरे पेड़ों की कटाई की जा रही है,लेकिन जिम्मेदार विभाग प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकताएं पूरी करता नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे, पंचनामा और कागजी प्रक्रिया भी हुई, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया कि पेड़ किसने काटा और दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर सिर्फ रस्मअदायगी की जा रही है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी द्वारा “एक पेड़ मां के नाम”और “हरा-भरा कालापीपल” जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से लोगों, विशेषकर बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। ऐसे में हरे-भरे पेड़ों की कटाई की घटनाएं इन प्रयासों पर सवाल खड़े कर रही हैं।

पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि लगातार पेड़ों की कटाई से नगर का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध रूप से पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
बड़ा सवाल…
क्या केवल पौधारोपण कर फोटो खिंचवाने से कटे हुए वर्षों पुराने पेड़ों की भरपाई हो सकती है?



