ग्राम बंजा के पंडित प्रियांशु तिवारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, टी.टी.डी. ने श्री शिव परशुराम मंदिर सूरजपुर में की नियुक्ति

सूरजपुर। जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बंजा के लिए गर्व और हर्ष का विषय सामने आया है। ग्राम बंजा निवासी पंडित प्रियांशु तिवारी, पिता श्री संतोष तिवारी, की नियुक्ति तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD ) द्वारा सूरजपुर स्थित श्री शिव परशुराम मंदिर में की गई है।
पंडित प्रियांशु तिवारी अब श्री शिव परशुराम मंदिर में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल दो-दो घंटे वेद पारायण करेंगे। उनके द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं वेद पाठ किए जाने से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक एवं धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय होगा।
आज शाम 6 बजे से होगा वेद पारायण का शुभारंभ…..
श्री शिव परशुराम मंदिर में वेद पारायण कार्यक्रम का शुभारंभ आज बुधवार, 16 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों की उपस्थिति में वैदिक परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
ग्राम बंजा के निवासी पंडित प्रियांशु तिवारी को मिली इस जिम्मेदारी से क्षेत्रवासियों में भी उत्साह और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे ग्राम बंजा के लिए गौरव का क्षण बताते हुए पंडित प्रियांशु तिवारी को शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दी हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं भक्तजनों से आज शाम 6 बजे श्री शिव परशुराम मंदिर पहुंचकर वेद पारायण के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।

