गुरसरांय में गैंगरेप से आहत बीए की छात्रा ने जहर खाकर दी जान

झांसी के गुरसरांय क्षेत्र में बामौर ब्लॉक के एक गांव की बीए की छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद आरोपियों द्वारा वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई थी। इससे सहमी युवती ने घर में रखी चूहा मार दवा खा ली। शुरुआती उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन 21 सितम्बर की मध्यरात्रि के बाद फिर से तबियत बिगड़ गई। परिजन 22 सितम्बर की सुबह लगभग 4:15 बजे उसे गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए, जहाँ उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय,गुरसरांय थानाध्यक्ष अखिलेश द्विवेदी और एसआई सिगदार सिंह सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि 20 सितम्बर को गांव के युवक सुशील ने युवती को बाड़े में ले जाकर दुष्कर्म किया था और 3-4 अन्य लड़के बाहर मौजूद थे। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जाँच कर रही है।
बामौर ब्लॉक के गाँव में युवती की मौत के मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पाँच आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना के सभी पहलुओं पर जाँच चल रही है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, जिनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
विकास कुमार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी




