*नाबालिग हत्याकांड में पुलिस को आरोपी की तलाश
सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार रुपये का इनाम!!*

*नाबालिग हत्याकांड में पुलिस को आरोपी की तलाश, सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार रुपये का इनाम!!*
शेखर ठाकुर(संपादक)
लुचकी तालाब इलाके में नाबालिग की हत्या के मामले में फरार आरोपी रविदास मानिकपुरी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपी की जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।दुर्ग पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी तालाब इलाके में एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले में फरार आरोपी रविदास मानिकपुरी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। 22 वर्षीय आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के संबंध में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने और उसे घोषित शर्तों के तहत 10 हजार रुपये का इनाम देने का निर्णय लिया है।गत 26 सितंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड नंबर 7 में स्थित एक मकान में नाबालिग लड़की का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की गहन जांच-पड़ताल की और महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारी घटनाक्रम से जुड़ी हर कड़ी की गहनता से विवेचना कर रहे हैं।मृतका की मां ने आरोपी रविदास मानिकपुरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनकी बेटी लगभग एक साल से आरोपी के साथ निवास कर रही थी। मां का कहना है कि आरोपी उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और उससे काम करवाने के बाद पैसे भी नहीं देता था। घटना से दो दिन पहले ही बेटी आरोपी की प्रताड़ना से परेशान होकर उनके पास आई थी। आरोप है कि 26 सितंबर की शाम रविदास उसे जबरन अपने साथ ले गया था। मां ने बेटी की मृत्यु के लिए आरोपी को सीधा जिम्मेदार ठहराते हुए उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने मां के बयान और फोरेंसिक जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के विषय में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नागरिक इस संबंध में पुलिस नियंत्रण कक्ष दुर्ग के मोबाइल नंबर 94791-92099 या थाना दुर्ग के नंबर 94791-92019 पर संपर्क साध सकते हैं। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

