विजयनगर में रात के अंधेरे में अतिक्रमण की कोशिश का आरोप!! सुमित (जिला संवाददाता, कांकेर)
वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में कब्जे की कोशिश, ग्रामीणों व वन समिति ने मौके पर पहुंचकर वाहन पकड़े

विजयनगर में रात के अंधेरे में अतिक्रमण की कोशिश का आरोप!!
सुमित (जिला संवाददाता, कांकेर)
वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में कब्जे की कोशिश, ग्रामीणों व वन समिति ने मौके पर पहुंचकर वाहन पकड़े
पखांजूर। विजयनगर क्षेत्र में रात के अंधेरे में भूमि अतिक्रमण की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद बांदे बस्ती, वन समिति और गांव की महिलाओं सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वहां अतिक्रमण के लिए उपयोग किए जा रहे वाहनों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों के अनुसार, रात के समय संबंधित क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही और भूमि को कब्जे में लेने की गतिविधि की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद अतिक्रमण में उपयोग किए जा रहे वाहनों को पकड़कर वन विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित भूमि वन विभाग के प्लांटेशन क्षेत्र में आती है। ऐसे में वन क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की भूमि पर कब्जे की कोशिश को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई है।
मामला वन विभाग के क्षेत्राधिकार से जुड़ा बताया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए वाहनों को वन विभाग को सौंपे जाने के बाद अब विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौके पर की जा रही गतिविधि किस उद्देश्य से थी और संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से पूरे मामले की जांच कर वन भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यदि अतिक्रमण का प्रयास पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
