शिक्षा के उपहार बांटकर याद किये गए बाबासाहेब
समान शिक्षा संघर्ष मोर्चा ने बच्चों में काफी कलम बांटकर मनाई अंबेडकर जयंती

बलिया। तहसील बेल्थरा रोड के ग्राम सभा बांसपार बहोरवा में भी पूरे देश की ही भांति मंगलवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ‘समान शिक्षा संघर्ष मोर्चा’ के सदस्यों द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए गांव के बच्चों को कॉपी और कलम का वितरण किया गया। साथ ही, उपस्थित लोगों ने बाबासाहेब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शायर/समाजसेवी अरशद हिन्दुस्तानी ने समाज में शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही सबसे बड़ा धन है। इसी के माध्यम से समाज से गरीबी दूर होगी और तरक्की के सभी दरवाजे खुलेंगे।” उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि, “भले ही आप एक रोटी कम खाएं, लेकिन अपने बच्चों को स्कूल जरूर भेजें और उन्हें पढ़ाएं क्योंकि शिक्षा ही जीवन को सुंदर बनाती है।”

इस दौरान बच्चों को शिक्षा से जुड़े प्रेरक गीत भी सुनाए गए, जिससे बच्चों के भीतर पढ़ाई के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। वहीं उपहार में कॉपी और कलम पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और वे खुशी से उछल पड़े।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के युवाओं और गणमान्य लोगों का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर मुख्य रूप से मास्टर राहुल, भारती, प्रहलाद राजभर, राजेंद्र राजभर, जाहिद उर्फ टेनी, लल्लन राजभर, राजू, सनोज और सरफराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।


