रेलवे की कार्रवाई: बेल्थरा रोड स्टेशन और कुंडैल-मधुबन ढाले से हटाया गया अवैध अतिक्रमण
विभागीय भूमि से हटवाई गई गुमटियां और दुकानें
बलिया। रेलवे संपत्तियों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। मऊ के आईपीएफ (IPF) इंचार्ज ए.के. सिंह के कुशल निर्देशन में रेलवे की टीम ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों में पूरी सख्ती के साथ अवैध अतिक्रमण को ढहा दिया और जमीन को वापस अपने कब्जे में लिया।

इन जगहों पर चला रेलवे प्रशासन का डंडा
आरपीएफ इंचार्ज इंदारा, डॉ० हृदानंद तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम ने क्षेत्र के कई प्रमुख स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से निम्नलिखित स्थानों को निशाना बनाया गया:
•रेलवे स्टेशन बेल्थरा रोड के आसपास का क्षेत्र
•केबिन नंबर 17 सी (कुंडैल ढाला)
•मधुबन ढाला
सख्ती के आगे विनम्र हुए अतिक्रमणकारी, खुद हटाने लगे सामान
अभियान के दौरान डॉ० हृदानंद तिवारी के साथ कांस्टेबल तेजनाथ यादव और कांस्टेबल सुनील कुमार यादव ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाला। सड़क के किनारे और रेलवे ट्रैक के आसपास जगह-जगह लोगों ने अवैध रूप से दुकानें, गुमटियां खोमचे और अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माण कर रखे थे। टीम ने अपनी निगरानी में पूरी सख्ती बरतते हुए इन सभी अवैध कब्जों को मौके पर ही खाली करा दिया, आरपीएफ कर्मियों का सख्त रुख देखते हुए अतिक्रमणकारियों ने खुद अपने हाथों अपना सामान हटाने में ही अपनी भलाई समझी और तमाम सामान मौके से हटाने में लग गए ।
आरपीएफ प्रशासन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि रेलवे की जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।
इस त्वरित कार्रवाई से जहां एक तरफ रेलवे परिसर और आसपास के रास्तों पर आवागमन सुगम हुआ है, वहीं अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे रेलवे के विकास और सुरक्षा में सहयोग करें।