*गठला में बदहाल सड़क को लेकर फूटा जनाक्रोश: स्कूली छात्रों और ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
, पूर्व महापौर व अधिकारियों के आश्वासन पर खुला रास्ता*
*गठला में बदहाल सड़क को लेकर फूटा जनाक्रोश: स्कूली छात्रों और ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, पूर्व महापौर व अधिकारियों के आश्वासन पर खुला रास्ता*
*संवाददाता संगीता सिंह राजनांदगांव*
गठला। “खराब सड़क हमारी समस्या है, समाधान हमारा अधिकार है” के बुलंद नारों के साथ आज गठला में जनसैलाब सड़कों पर उतर आया। बीते 6 महीनों से अधूरी और खुदी पड़ी सड़क से परेशान स्कूली बच्चों, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने एकजुट होकर मुख्य मार्ग पर जोरदार चक्का जाम कर दिया।

महज 15 दिनों में तैयार होने वाली सड़क का निर्माण कार्य पिछले 6 महीनों से अटका हुआ है। लगातार धूल और गड्ढों का दंश झेल रहे ग्रामीणों का सब्र आज आखिरकार टूट गया। स्कूली छात्र अपनी यूनिफॉर्म में ही प्रदर्शन में शामिल हुए, वहीं महिलाएं और युवा भी बड़ी संख्या में अपने घरों से निकलकर आंदोलन का हिस्सा बने।

प्रशासन की रही पैनी नजर, भारी पुलिस बल तैनात
चक्का जाम के चलते यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति को भांपते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर सीएसपी वैशाली जैन, एएसपी कीर्तन राठौर, चिखली थाना प्रभारी, सोमनी थाना प्रभारी तथा कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
स्थिति बिगड़ते देख पहुंचे पूर्व महापौर मधुसूदन यादव
प्रदर्शन के दौरान जब माहौल गरमाने लगा और स्थिति बिगड़ने की संभावना पैदा हुई, तब पूर्व महापौर मधुसूदन यादव आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुना और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने का ठोस आश्वासन दिया।
एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन
इसके पश्चात एसडीएम ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा। प्रशासनिक व राजनीतिक आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे पुनः उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

