नगर पालिका पिण्डवाड़ा ने तैयार करवाया सभा का क्यूआर कोड और लिंक
वार्ड के बारे में दीजिए फीडबैक; वार्डवासी डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी हो सकेंगे वार्ड सभा में भागीदार
रिपोर्ट:-सुरेश चौहान (9571081159)
पिण्डवाड़ा। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के तहत आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने आईटी टीम की मदद से क्यूआर कोड और ऑनलाइन लिंक तैयार कराया है। इसके जरिए नागरिक अपने वार्ड के मास्टर प्लान से जुड़ी जानकारी और सुझाव सीधे दर्ज कर सकेंगे।

अभी तक वार्ड सभाएं सुबह के समय होती थीं, लेकिन कई बार लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाती थी। इसी समस्या को देखते हुए अब नगर पालिका पिण्डवाड़ा ने डिजिटल माध्यम अपनाने का निर्णय लिया है। नगर पालिका ने लिंक और क्यूआर कोड जारी किया है। क्यूआर कोड में प्रफोर्मा बना हुआ है। जिसमें निगम ने आमजन से इसे भरने के लिए कहा है। जिसकी शुरुआत संबंधित व्यक्ति के ई-मेल से हो रही है। इसमें नाम, मोबाइल नंबर, वार्ड नंबर और अपने सुझाव भरने होंगे। 15 मई तक चलने वाले वार्ड अभियान में आने वाली सभी जानकारी और डेटा को पालिका की टीम संग्रहित करेगी। जिसके बाद वार्ड और शहर का मास्टर प्लान बनेगा।
वार्ड का मास्टर प्लान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा
सरकार का लक्ष्य अमृत काल विजन 2022-2047 के तहत अगले 25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहरों और गांवों का समग्र विकास करना है। इसके लिए अल्पकालिक (2030), मध्यम अवधि (2035) और दीर्घकालीन (2047) योजनाएं तैयार की जा रही हैं। हर नागरिक से राय लेकर आधुनिक सुविधाओं के विकास
का खाका बनाया जा रहा है। योजना के तहत वार्ड का मास्टर प्लान पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिसके बाद गूगल इमेज आधारित डेटा तैयार होगा। इसमें जनसंख्या, आर्थिक गतिविधियां, बुनियादी सुविधाएं, सामाजिक-सांस्कृतिक जानकारी और संसाधनों का विस्तृत आकलन शामिल रहेगा। इसके लिए विशेष सदस्यीय टीम बनाई गई है।

आपके सुझाव पर वार्डों के भविष्य का तैयार होगा खाका
वार्ड स्तर पर मकानों और परिवारों की संख्या, दुकानों व कुटीर उद्योगों की स्थिति, पीने के पानी, बिजली कनेक्शन, सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल और पशु चिकित्सालय जैसी सुविधाओं का भी विवरण लिया जाएगा। धार्मिक स्थलों और स्थानीय उत्सवों की जानकारी भी शामिल की जाएगी। यदि किसी वार्ड का भविष्य लक्ष्य तैयार किया जाए तो वह 2030, 2035 या 2047 के अनुरूप होगा। कुछ वाडों में बदलती आबादी और बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों को देखते हुए सभी पहलुओं को योजना में शामिल किया जा रहा है ताकि आमजन को उनके ही वार्ड में सभी सुविधाएं मिल सकें।
आमजन क्षेत्र के विकास पर दे सकेंगे फीडबैकः अधिशासी अधिकारी
मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत लोगों को जोड़ने के लिए क्यूआर कोड व लिंक तैयार करवाया गया है। आमजन इसके जरिए अपने क्षेत्र की जानकारी दे सकते हैं।
अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य
नगर पालिका पिण्डवाड़ा



