*क्राइम रिपोर्टर – संगीता सिंह, राजनांदगांव*
*रायपुर*
*ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ के गहने पार, शटर का ताला तोड़कर 20 मिनट में चोरी, सोमवार को खुला राज*
*रायपुर।* राजधानी के शंकरनगर-लोधीपारा रोड स्थित लक्ष्य ज्वेलर्स में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात दो नकाबपोश चोरों ने शटर का ताला काटकर करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के गहने पार कर दिए। घटना की जानकारी सोमवार को दुकान खुलने पर मिली, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
*शटर का ताला काटकर 20 मिनट में वारदात*
लक्ष्य ज्वेलर्स के संचालक वंश कुमार मुरपानी (सनी) पिता विक्रम मुरपानी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात 9:30 बजे दुकान बंद की गई थी। रविवार को अवकाश था। सोमवार सुबह जब छोटे भाई लक्ष्य मुरपानी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर रखे मंगलसूत्र, चेन, नेकलेस, डमी के अलावा दराज में रखे लगभग 500 ग्राम सोना और 15-17 किलो चांदी के गहने गायब थे।
चोरी की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। चोरों ने इस पूरी वारदात को महज 20 मिनट के भीतर अंजाम दिया। दुकान के बाहर और आसपास लगे करीब एक दर्जन सीसीटीवी कैमरों में दो नकाबपोश चोर वारदात को अंजाम देते हुए कैद हुए हैं।
*सीटीवी में दिखे चोर, पुलिस की 3 टीमें जांच में जुटीं*
डीसीपी क्राइम राजनाला के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं जिन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे। चोरों ने बोर लॉक वाले शटर और दराजों को निशाना बनाया। उन्होंने न केवल दराज में रखे गहने समेटे, बल्कि डमी पुतलों पर सजे हुए नेकलेस, मंगलसूत्र और चेन भी उतार लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की 3 टीमें बनाई गई हैं। टीम में डीएसपी, चार अतिरिक्त डीएसपी और तीन एएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। 90 लाख की चोरी की एफआईआर दर्ज की गई है।
*’अनाड़ी’ चोर, दुकान का ही गमछा-थैला किया इस्तेमाल*
घटनास्थल का निरीक्षण करने पर लग रहा है कि चोरी में प्रोफेशनल चोर शामिल नहीं हैं। चोरों ने दुकान का ही गमछा और थैला इस्तेमाल कर चेहरा छिपाया और गहने ले गए। सीसीटीवी में एक आरोपी बाहर रेकी करता दिख रहा है जबकि दूसरा अंदर वारदात को अंजाम दे रहा है। पुलिस का मानना है कि चोर आसपास ही बाइक खड़ी कर चोरी कर उसी में बैठकर फरार हुए हैं।
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। शंकर नगर हाउसिंग कॉलोनी की गलियों से बाइक पर सवार होकर फरार होने के सुराग मिले हैं। पुलिस कमिश्नर समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं।

