43 डिग्री की तपिश में बिजली विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतरी युवक कांग्रेस स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल और अघोषित कटौती पर फूटा गुस्सा, रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन
कांटाफोड़ – भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान जनता की आवाज मंगलवार को सड़कों पर दिखाई दी। युवक कांग्रेस एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने 43 डिग्री तापमान के बीच गांधी चौराहे से बस स्टैंड तक रैली निकालकर विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और सतवास तहसीलदार हरिओम ठाकुर को ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक युवक कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित जायसवाल ने ज्ञापन का वाचन करते हुए कहा कि कांटाफोड़ क्षेत्र में लगाए गए स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिजली बिलों का बोझ बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांटाफोड़ के अलावा आसपास के अन्य क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है।
युवक कांग्रेस ने विद्युत विभाग पर भीषण गर्मी में मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली कटौती करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि घंटों बिजली बंद रहने से आमजन, व्यापारी और किसान सभी परेशान हैं, लेकिन विभाग समस्या समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।
कांग्रेस नेता राजेश होलानी और पूर्व प्रदेश प्रवक्ता निर्मल पुरोहित ने भी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, लेकिन भारी भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
ज्ञापन में वार्ड क्रमांक 4 गजाखेड़ी की विद्युत सप्लाई बधावा फीडर से हटाकर कांटाफोड़ फीडर से जोड़ने की मांग की गई। साथ ही किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खेतों में सिंचाई के लिए दी जाने वाली बिजली सप्लाई का समय दोपहर से बदलकर सुबह करने की मांग भी रखी गई।
युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विष्णु मीणा, कांग्रेस नेता राजेश होलानी, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता निर्मल पुरोहित पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजाराम यादव, मुकेश राठौर, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुरेश पटेल, ब्रजमोहन तिवारी, रामेश्वर शर्मा, गुरमीत भाटिया , आनंद पटेल , चेतन जारवाल,अरुण राठौर अभिषेक जोशी, शिव परमार, किरण रत्नपारखी, देवेंद्र पटेल शाहरुख ठेकेदार, शाहिद ठेकेदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

