रवि फसल खरीदी में अनियमितताओं के आरोप, किसानों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

कटनी, विलायतकला केंद्र के लक्ष्य वेयर हाउस एवं बमिका वेयर हाउस में रवि फसल खरीदी के दौरान अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। केंद्र प्रभारी लखन पटेल पर किसानों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि कमीशनखोरी के चलते बिना उचित थ्रेसिंग और छनाई कराए ही चना सीधे बोरियों में तौल कराया जा रहा है। इससे खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय किसानों का कहना है कि शासन के नियमों के अनुसार फसल की गुणवत्ता जांच, सफाई और छनाई के बाद ही खरीदी होना चाहिए, लेकिन केंद्र पर नियमों की अनदेखी की जा रही है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि यदि कोई किसान आपत्ति करता है तो उसकी उपज खरीदी में देरी की जाती है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मूंग खरीदी के दौरान भी प्रभारी लखन पटेल पर अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इसके बावजूद दोबारा उन्हें खरीदी प्रभारी बनाए जाने से किसानों और आमजन में सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है और शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
अब किसानों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता बनी रहे और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



