E-PaperUncategorizedक्राइमछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़
बाल सक्षम नीति 2022 के तहत भैयाथान में विशेष अभियान, सड़कों पर रहने वाले बच्चों की पहचान व पुनर्वास पर जोर

भैयाथान, 18 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल सक्षम नीति 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन के अंतर्गत 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित विशेष अभियान के तहत गुरुवार को भैयाथान क्षेत्र में सड़कों पर रहने वाले, घूमने वाले एवं बाल भिक्षावृत्ति में संलग्न बच्चों की पहचान, रेस्क्यू और स्थायी पुनर्वास के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान टीम ने भैयाथान बस स्टैंड, पान ठेला, कबाड़ी दुकान, गैरेज, शोरूम, हार्डवेयर दुकान तथा फल दुकानों सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में जीवन-यापन कर रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
अभियान के दौरान आमजन एवं दुकानदारों को बाल संरक्षण, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा बच्चों के अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि यदि कोई बच्चा संकटग्रस्त, असुरक्षित अथवा भिक्षावृत्ति जैसी परिस्थितियों में दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन को दें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है।
अभियान में जिला बाल संरक्षण इकाई से सुश्री प्रियंका सिंह (पीओएनआईसी), श्री अंजनी साहू (सोशल वर्कर), श्री भानु प्रताप देशमुख (सोशल वर्कर), चाइल्डलाइन से श्री दिनेश यादव (सुपरवाइजर), सुश्री यशोदा गुप्ता (केस वर्कर) तथा पुलिस विभाग से श्री विष्णु यादव एवं श्री जगजीत सिंह ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
__________________________________________________________



