
रिपोर्टर:- सुरेश चौहान (9571081159)
पिण्डवाड़ा। नगर पालिका पिण्डवाड़ा के अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य ने संवेदनशील प्रशासन और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक दिव्यांग व्यक्ति की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान महज चार घंटे में कर दिया।
जानकारी के अनुसार दिव्यांग राजेश कुमार पिछले सात वर्षों से भूमि के पट्टे के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही थी। गुरुवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में उन्होंने अपनी समस्या अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य के समक्ष रखी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आचार्य ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की। अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर उसी दिन राजेश कुमार को भूमि का पट्टा सौंप दिया।
पट्टा प्राप्त होते ही राजेश कुमार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित उनका सपना आज पूरा हुआ है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन एवं अधिशासी अधिकारी योगेश आचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पहली बार इतनी त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई देखने को मिली है।
शिविर में उपस्थित नागरिकों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता ही सुशासन की पहचान है तथा नगर पालिका द्वारा किया गया यह कार्य आमजन के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर शिविर में आए अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर पालिका की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
