38 गांवों में बिजली की मांग को लेकर 07 अगस्त को आम आदमी पार्टी का धरना-प्रदर्शन, बिहारपुर में होगा जनआंदोलन

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत चांदनी–बिहारपुर क्षेत्र के 38 ग्रामों में नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी द्वारा 07 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 12:00 बजे बिहारपुर थाना परिसर के समीप एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद बिहारपुर बाजार में शांतिपूर्ण रैली भी निकाली जाएगी।
पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र में लगभग एक दशक पहले स्थापित सोलर व्यवस्था अधिकांश स्थानों पर पूरी तरह बंद हो चुकी है। वहीं विद्युत विस्तार कार्य की स्वीकृति मिलने के बावजूद आज तक कार्य पूरा नहीं किया गया, जिससे हजारों ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन-यापन करने को मजबूर हैं। इसका सीधा असर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, संचार तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर पड़ रहा है। पार्टी का यह भी कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई प्रमुख समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
आम आदमी पार्टी के सरगुजा लोकसभा सचिव लव कुमार ने बताया कि 04 नवंबर 2025 को भी इस मुद्दे पर जिला कलेक्टर, सूरजपुर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था। इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों ने 10 दिनों तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया था, जिस दौरान प्रशासन ने एक माह के भीतर विद्युत आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया था। हालांकि लंबे समय बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते पार्टी को पुनः जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष रवि जायसवाल ने कहा कि धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।
पार्टी के अनुसार इस आंदोलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज दुबे, सरगुजा ज़ोन सह प्रभारी नूर हसन, सरगुजा लोकसभा अध्यक्ष इंद्रदेव नाग, सरगुजा लोकसभा सचिव लव कुमार सहित जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी ने क्षेत्र की जनता, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहित के आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।


