यूपी

नगर,क्षेत्र में एचपीवी टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सीएमओ ने की विस्तृत समीक्षा 

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी  

सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु प्रत्येक पात्र किशोरी तक पहुंचे एचपीवी वैक्सीन- डॉ. शिशिर पुरी

झांसी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी की अध्यक्षता में सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत संचालित 12 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं 24 नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के कार्यों एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र के निर्धारित लक्ष्य 4723 किशोरियों को 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत टीकाकरण से आच्छादित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए तथा विद्यालयों, अभिभावकों एवं समुदाय को जागरूक कर टीकाकरण कवरेज में तेजी लाई जाए। राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा। बैठक में ओपीडी सेवाओं, हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS), दैनिक रिपोर्टिंग,आभा आईडी निर्माण, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की स्क्रीनिंग, सीबैक (CBAC) फॉर्म एंट्री, टेस्टिंग एवं दस्तक अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर ईसाईटोला एवं नालगंज तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इमलीपुरा एवं सीपरी बाजार का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम पाया गया, जिस पर संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कार्यों में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तहसील का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ पाए जाने पर डॉ. शशिबाला चौधरी एवं उनकी टीम की सराहना की गई।

अब होंगे औचक निरीक्षण

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय चिकित्सा इकाइयां निर्धारित समय पर खुलें, समस्त स्टाफ समय से उपस्थित रहे तथा निर्धारित अवधि तक स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में टीम गठित कर नगरीय स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण भी कराया जाएगा। समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी एनयूएचएम डॉ. अंशुमान तिवारी,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. एन. एम. त्रिपाठी, डॉ. एन. के. जैन, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर, पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. उत्सव राज, मंडलीय कोऑर्डिनेटर फिरोज आलम,स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयश्री शुक्ला, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. अनुराधा राजपूत,अर्बन कोऑर्डिनेटर जियाउर्रहमान,रामबाबू कुमार,नरेश,यूएनडीपी से शिवेंद्र सिंह, रामकिशोर, अनिरुद्ध शाहिद सहित नगरीय स्वास्थ्य इकाइयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

आयुष त्रिपाठी

ब्यूरो चीफ झांसी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!