एसएसपी ने थाना मोठ का किया वार्षिक निरीक्षण, दिए सख्त दिशा-निर्देश

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
झाँसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी विकास कुमार ने सोमवार 14 सितंबर 2026 को थाना मोठ का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक साइबर अरीबा नोमान, सहायक पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह तथा क्षेत्राधिकारी मोठ सुनील कुमार शर्मा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना,हवालात, शस्त्रागार,बैरक एवं पूरे थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों व रजिस्टरों को सुव्यवस्थित तथा अद्यतन (अपडेट) रखने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने और कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण बनाए रखने पर बल दिया। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी विकास कुमार ने लंबित विवेचनाओं,शिकायतों व प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने वांछित व वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, नियमित पैदल गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग करने को कहा। संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के साथ-साथ रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं के समाधान का पाठ पढ़ाया, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान संतरी पहरा पर तैनात सिपाही के उत्कृष्ट टर्नआउट और सजगता से प्रसन्न होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उसका उत्साहवर्धन करने हेतु ₹500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की।




