महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में पिकनिक के दौरान हादसा,
नदी में डूबे दो छात्रों की मौत!!

महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में पिकनिक के दौरान हादसा, नदी में डूबे दो छात्रों की मौत!!
सुमित (जिला संवाददाता, कांकेर)
पखांजूर। महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए इरपनार हाई स्कूल के छात्रों के साथ नदी में डूबने की घटना सामने आई है। हादसे में कक्षा 10वीं के दो छात्रों की मौत हो गई। करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गुरुवार को दूसरे छात्र का शव भी बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, इरपनार हाई स्कूल की कक्षा 10वीं के 9 छात्र महाराष्ट्र के कसमनसुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बांडा नदी के करका घाट पर पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान दो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
पहले दिन एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया था, जबकि साहिल बर्मन की तलाश जारी थी। करीब 30 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गुरुवार को साहिल का शव भी बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दो छात्रों की असमय मौत की खबर से इरपनार सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना ने पिकनिक के दौरान नदी और गहरे जलस्रोतों में सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
