मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गुरसरांय में सीओ पीयूष कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की महिला सुरक्षा जागरूकता रैली

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय (झांसी)। शारदीय नवरात्रि 2026 के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। सोमवार 12 अक्टूबर को पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय ने खैर इंटर कॉलेज बालिका विभाग गुरसरांय से हरी झंडी दिखाकर इस जन-जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी,वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया,कस्बा इंचार्ज योगेन्द्र कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी एवं उपनिरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल मानसी राजपूत, प्रिया यादव,कोमल वर्मा, जिज्ञासा श्रीवास्तव,नीलम आदि ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। यह जागरूकता रैली खैर इंटर कॉलेज बालिका विभाग से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए गुरसरांय थाना परिसर में संपन्न हुई। रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों,महिला पुलिसकर्मियों,गणमान्य नागरिकों और छात्राओं ने महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और स्वावलंबन से जुड़े नारे लगाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान नागरिकों,महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090,112,181 आदि,शासन की कल्याणकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के मन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना, उन्हें जागरूक बनाना और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करना है।



