पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए छात्राओं को किया जागरूक

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय (झांसी)। 14 अक्टूबर बुधवार को थाना गुरसरांय में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी के कुशल निर्देशन और वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को आज के डिजिटल युग में बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के प्रति सचेत किया। कांस्टेबल सूरज चौरसिया और मानसी राजपूत ने छात्राओं को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, और अपने बैंक खाते या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। पुलिस टीम ने छात्राओं को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने पर संपर्क करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




