गुरसरांय में आस्था पर नगर पालिका की अनदेखी भारी, प्राचीन मंदिरों के मुख्य मार्ग पर जमा गंदगी का अंबार

ब्यूरो चीफ आयुष त्रिपाठी
गुरसरांय (झांसी)। नगर के कटरा चौराहा स्थित मंडी के पीछे जाने वाले मुख्य मार्ग पर फैली गंदगी से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। इस मार्ग पर दो प्राचीन मंदिर हैं। सिद्ध हनुमान जी मंदिर और राधा-कृष्ण जी मंदिर स्थित हैं,जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। रास्ते के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही नियमित रूप से कचरे और गंदगी का ढेर लगा रहता है। दुर्गंध और फैले कचरे के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों का वहां से गुजरना बेहद दूभर हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर पालिका की इस लापरवाही के कारण न केवल आस्था को ठेस पहुंच रही है, बल्कि क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। श्रद्धालुओं ने नगर पालिका प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की है कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना करें और मुख्य मार्ग से कूड़े के ढेर को हटाकर नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।




