न्यू बाल गणेश पंडाल में हनुमान कथा के तृतीय दिन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, कल धूमधाम से मनाया जाएगा भगवान का जन्मोत्सव

बरुआसागर। नगर के चौरसिया गली में न्यू बाल गणेश समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय हनुमान कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास पं. भूपेंद्र दीक्षित जी महाराज ने श्रद्धालुओं को हनुमान जी की भक्ति, मर्यादा और भगवान श्रीराम के प्रति उनके समर्पण का महत्व बताया।

कथा के दौरान पं. भूपेंद्र दीक्षित जी महाराज ने कहा कि भगवान हनुमान की भक्ति हमें सेवा, विनम्रता, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सदैव प्रभु का स्मरण करते हुए सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा के बीच भजनों और जयकारों से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

इस अवसर पर मुख्य यजमान रागनी एवं हृदेश चौरसिया सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक बैठकर कथा का श्रवण किया और भगवान हनुमान की भक्ति में लीन नजर आए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिवसीय आयोजन के तहत कल भगवान के जन्मोत्सव का कार्यक्रम धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।




